बर्ड फ्लू अलर्ट से ठप हुआ चिकन कारोबार, बिलासपुर में व्यापारियों का विरोध….

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है, लेकिन इस सख्ती का असर अब व्यापार पर साफ नजर आने लगा है। मुर्गी और अंडा दुकानों को बंद किए जाने से व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
दरअसल, कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी चिकन और अंडा दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए हैं, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।लेकिन इस फैसले से नाराज चिकन व्यापारियों ने आज शहर विधायक अमर अग्रवाल के निवास का घेराव किया और दुकानें खोलने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्रि के चलते पहले ही करीब 10 दिनों तक दुकानें बंद रहीं, और अब प्रशासन द्वारा और 11 दिन बंद रखने के आदेश से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है।व्यापारियों के मुताबिक, बिलासपुर में रोजाना करीब 2 करोड़ रुपए का चिकन व्यापार होता है, जो पूरी तरह ठप पड़ा है।
जिले की लगभग 200 दुकानें बंद हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।वहीं कुछ व्यापारियों ने यह भी सवाल उठाया कि बर्ड फ्लू का मामला शासकीय प्रक्षेत्र में मिला है, प्राइवेट दुकानों में नहीं… ऐसे में निजी दुकानों को खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए।व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन सख्ती बरकरार रखता है या व्यापारियों को राहत देता है।



