इन इलाकों में बारिश की संभावना….7 अक्टूबर से मानसून की रफ्तार होगी धीमी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में अब मानसून कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर के बाद पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता और वितरण में कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुकमा जिले में सबसे ज़्यादा 49.3 मिमी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल बिहार और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि आंध्र प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक द्रोणिका सक्रिय है।
आने वाले 48 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। एक-दो जगहों पर मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।लोगों से अपील है कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहें और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें।




