छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

Advertisement

पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली में 15 सेंटीमीटर और बीजापुर में 10 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा, गंगालूर, कुटरू, भैरमगढ़, वांड्राफनगर समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई।

Advertisement

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से पूरे छत्तीसगढ़ में लगातार वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ के लिए बेहद अहम हैं। भारी बारिश और वज्रपात को देखते हुए मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें और सतर्क रहें।

Related Articles

Back to top button