बिलासपुर में फूड पॉइजनिंग का मामला : कुंदरू की सब्जी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र के जयरामनगर में फूड पॉइजनिंग की एक गंभीर घटना सामने आई है। रविवार रात कुंदरू की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के 6 लोग बीमार पड़ गए। फूलचंद नामक व्यक्ति ने बताया कि रात 9 बजे सभी ने भोजन किया और फिर सो गए। लेकिन तड़के 4 बजे से परिवार के सभी सदस्य—चार वयस्क और दो बच्चे—उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ बीमार हो गए।
परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की पुष्टि की। सभी मरीजों का इलाज अलग-अलग वार्ड में जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुंदरू की सब्जी को कारण माना जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि लैब रिपोर्ट के बाद होगी।




