बजट 2026-27 : छत्तीसगढ़ का 1.72 लाख करोड़ का बजट पेश, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य पर खास फोकस

छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार का तीसरा बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार की ओर से 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट सदन में रखा। ‘संकल्प’ थीम पर आधारित इस बजट में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में बताया कि सरकार ‘लखपति दीदी’ योजना को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री लखपति भ्रमण योजना शुरू करेगी। इसके तहत चयनित महिलाओं को देश-विदेश के प्रमुख व्यवसायिक केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें। साथ ही रानी दुर्गावती योजना की घोषणा की गई है, जिसके तहत बालिका के 18 वर्ष पूर्ण करने पर उसे डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में सरकार ने 75 करोड़ रुपये की लागत से महतारी सदन के निर्माण का प्रावधान किया है। वहीं प्रदेश में 500 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 42 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे मातृ एवं शिशु पोषण सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि यह कदम जमीनी स्तर पर महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण को मजबूती देगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बजट में बड़े प्रावधान किए गए हैं। आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। साथ ही 25 विकासखंडों में नए डायलिसिस केंद्र खोले जाने की घोषणा की गई है, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके। बजट से स्पष्ट है कि आगामी वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं को शीर्ष प्राथमिकता देने जा रही है।




