ऑपरेशन शंखनाद : 4 गौवंश जब्त कर, पुलिस ने तस्करी के 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार….

जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने चौकी उपरकछार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मौके से चार गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना उपरकछार चौकी क्षेत्र की है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चार गौवंशों को उड़ीसा ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नामिनी चौक के पास दबिश दी, जहां दो आरोपी पुलिस को देख भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अरुण सिदार (31 वर्ष) और संतोष सिदार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी जशपुर जिले के बरकसपाली गांव के निवासी हैं। पुलिस ने जब इनसे गौवंश से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि : पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार गौवंशों को मुक्त कराया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।




