Uncategorized

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले – जनता ने सरकार के काम पर लगाई मुहर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों की मतगणना जारी है, और इस बार भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकांश सीटों पर बढ़त बनाई है। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में प्रेस वार्ता कर इस जीत को जनता का आशीर्वाद बताया।

Advertisement

बिलासपुर के मुंगेली नाका स्थित संसदीय कार्यालय में आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रेस वार्ता आयोजित कर छत्तीसगढ़ में भाजपा की भारी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता ने स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई है। उन्होंने कहा कि हमारे 10 में से 10 महापौर प्रत्याशी भारी मतों से जीतकर आ रहे हैं। 49 नगर पालिकाओं में से 35 से अधिक में भाजपा अध्यक्ष चुने जा रहे हैं और नगर पंचायतों में भी 75 से 80 से अधिक सीटों पर हम जीत रहे हैं। यह जनता का भाजपा की नीतियों और नेतृत्व में विश्वास दर्शाता है।

Advertisement

मतगणना के रुझानों के अनुसार, भाजपा ने छत्तीसगढ़ के ज्यादातर नगर निगमों में अपना परचम लहराया है। बिलासपुर, रायपुर, जगदलपुर सहित कई महत्वपूर्ण नगर निगमों में भाजपा महापौर पद पर विजयी हुई है। लोकस्वर टीवी से खास बातचीत के दौरान उन्होंने कहा प्रदेश की जनता ने हमारी 13 महीने की सरकार के कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है। मोदी गारंटी और अटल विश्वास पत्र पर जनता ने भरोसा जताया है। यह साबित करता है कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों पर जनता का विश्वास बढ़ा है।

जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंत्री तोखन साहू ने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में प्रदेश सरकार जनता के विकास के लिए और मेहनत से काम करेगी। तोखन साहू ने बताया कि हम प्रदेश की जनता के आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हैं। भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता इस जीत का असली नायक है। हमारी सरकार पूरी निष्ठा से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी और प्रदेश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सभी की नजरें अब आने वाले विकास कार्यों पर होंगी। बिलासपुर में 55 वार्डों में भाजपा पार्षद जीत चुके हैं, और अब सवाल यह है कि नगर निगम का भविष्य कैसा होगा? इस पर हमारी नज़र बनी रहेगी।

 

Related Articles

Back to top button