पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, पांच दिनों से था लापता..

(उज्ववल तिवारी) : पेंड्रा। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा गांव के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा।
मृतक की पहचान उसाढ़ गांव निवासी सेवन लाल अमलेश (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था और उसकी पत्नी पिछले एक हफ्ते से मायके गई हुई थी, जिसके कारण वह घर में अकेला था। परिजनों के अनुसार, सेवन लाल पिछले पांच दिनों से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई थी।
मरवाही थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शव गर्मी के कारण काफी हद तक गल चुका था। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसमें कोई अन्य कारण भी शामिल है।




