अम्बिकापुर
स्टंटबाजों पर कार्रवाई, मैदान में स्टंट करते 3 युवक पकड़े गए, बाइक जब्त

अम्बिकापुर – बाइक से स्टंट करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। नवापारा चर्च मैदान में खुलेआम बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे युवकों की हरकतों से स्थानीय लोग काफी परेशान थे। तेज रफ्तार और बाइक के साइलेंसर से निकल रही कानफोड़ू आवाजों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अम्बिकापुर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट कर रहे तीनों बाइक सवार युवकों को रोका। पुलिस ने तीनों बाइकों को जब्त कर लिया है और युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट करना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि इससे जान-माल का खतरा भी रहता है। आगे भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




