सीमांकन के लिए रिश्वत मांगने वाला फरार राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज गिरफ्तार.

(आशीष मौर्य संपादक) : जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ज़मीन सीमांकन के एवज में 50,000 रुपये रिश्वत की मांग करने वाले फरार राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज को एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एसीबी की बढ़ती सख्ती और लगातार जांच के दबाव में आज, दिनांक 23 अप्रैल 2025 को एसीबी कार्यालय बिलासपुर में स्वयं को प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रंजीत सिंह राठौर, निवासी आंदु, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के नाम की दो एकड़ कृषि भूमि के सीमांकन के बदले राजस्व निरीक्षक घनश्याम भारद्वाज द्वारा 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
जांच के दौरान, 15 अप्रैल 2025 को घनश्याम भारद्वाज के साथी राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार चंद्रसेन को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। उससे 50,000 रुपये की राशि जब्त कर ली गई थी और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
मुख्य आरोपी घनश्याम भारद्वाज उस समय से फरार था, जिसकी तलाश लगातार जारी थी। आज उसकी गिरफ्तारी के साथ ही एसीबी ने इस प्रकरण में बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत कार्रवाई की जा रही है।




