कोंडागांव में बिछी ओलों की सफेद चादर, मिनी ‘शिमला’ बना बस्तर….

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा इलाका शिमला जैसा नजर आने लगा। भारी बारिश के साथ हुई जबरदस्त ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है।
कोंडागांव के बड़ेराजपुर विकासखंड के टेवंसा, छोटेराजपुर, पाडोंकी और बड़ेराजपुर गांवों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज आंधी, गरज-चमक के साथ भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ ही देर में खेत, सड़क और घरों के आसपास मोटी परत में ओले जम गए, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर में ढक गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस तरह की ओलावृष्टि पहले कभी नहीं देखी गई। कई लोगों ने इसे शिमला-मनाली जैसी बर्फबारी बताया। ओलों का आकार बड़ा था और लगातार गिरने से खेत बर्फीले मैदान जैसे नजर आने लगे।इस प्राकृतिक आपदा से मक्का, धान और चना की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह गिर गई, तो कहीं ओलों की मोटी परत के नीचे दबकर खराब हो गई। सब्जी उत्पादन और खेतों की मेड़ें भी प्रभावित हुई हैं।
घटना के बाद राजस्व विभाग ने नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है। वहीं प्रभावित किसान शासन-प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।बहरहाल, बस्तर में मौसम की इस मार ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, अब सभी की नजर सरकार की राहत पर टिकी है।




