ईरान से 311 लोगों को लेकर दिल्ली पहुंचा विमान….अब तक 1428 लोगों को किया गया रेस्क्यू

ईरान में फंसे 300 से अधिक भारतीय नागरिकों को रविवार को ईरान से भारत लाया गया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक ईरानी शहर मशहद से विशेष उड़ान से 311 भारतीय दिल्ली पहुंचे हैं। इसमें यह भी कहा गया कि इस नये जत्थे के साथ, ईरान से वापस लाये गये लोगों की कुल संख्या अब 1,428 हो गई है। निकाले गए लोगों में कश्मीर के 200 से ज्यादा छात्र शामिल थे, जो ईरान में पढ़ रहे थे और इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के बीच फंस गए थे। उनके वापस आने से उन चिंतित रिश्तेदारों को राहत मिली, जो अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता से भरी रातों की नींद हराम कर रहे थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 311 भारतीय नागरिक 22 जून को दोपहर साढ़े चार बजे मशहद से विशेष उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 1,428 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकाला जा चुका है। भारत ने ईरान और इजरायल के बीच बढ़ती दुश्मनी के बीच ईरान और इजरायल से भारतीयों को वापस लाने के लिए पिछले सप्ताह ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया था।




