शनिचरी सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, 15 दुकानें जलकर खाक….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शनिचरी सब्जी मंडी में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 14 से 15 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में लाखों रुपये का आलू, प्याज और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
दुकानदारों का आरोप है कि दुकानें बंद करते समय कई शटरों में करंट दौड़ने की शिकायत की गई थी और इसकी जानकारी विद्युत विभाग को भी दी गई थी। बिजली सप्लाई बंद तो की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
रात करीब 2 बजे मंडी से आग की लपटें उठीं और तेजी से फैल गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि व्यापारी विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बता रहे हैं।




