बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केमिकल और पेंट के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, आग तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम में लगी, जिसे स्थानीय लोग “विकास पेंट” के नाम से संचालित बता रहे हैं। गोदाम में ज्वलनशील केमिकल और पेंट रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि गोदाम अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था और पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं थे। अब प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और औद्योगिक क्षेत्र के अन्य गोदामों की भी सुरक्षा जांच की मांग की जा रही है।




