छत्तीसगढ़

छतीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, फिलहाल नहीं थमेंगे बादल

(भूपेंद्र सिंह राठौर ) : छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि, फिलहाल अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। वहीं, दो दिनों बाद दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसमी वर्षा अभी सामान्य श्रेणी में है, हालांकि सामान्य से करीब 16 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

Advertisement

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो भैयाथान और भानुप्रतापपुर में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं अंबागढ़ चौकी, मोहला और ओडगी में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। अर्जुन्दा, चारामा, नेरहरपुर, अंतागढ़, लटोरी, गुंडरदेही, रामानुजनगर, डौंडीलोहारा और गरियाबंद समेत कई इलाकों में 4 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बालोद, कांकेर, पाटन, बसना, राजिम, रायगढ़, आरंग, धरमजयगढ़, बस्तर, अभनपुर, सरिया और अन्य क्षेत्रों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

Advertisement

तापमान की बात करें तो दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका फिलहाल राजस्थान से होते हुए मध्य भारत और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही प्रदेश के ऊपर पूर्व-पश्चिम शियर ज़ोन भी सक्रिय है, जिसकी वजह से नमी लगातार बनी हुई है और बारिश का दौर जारी है।

 

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।

 

रायपुर शहर में शुक्रवार को आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेशवासियों को उमस से राहत तो मिलेगी, लेकिन बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button