बिलासपुर में लगातार बारिश के बाद जनजीवन को सामान्य बनाने हेतु अमर अग्रवाल ने दिए निर्देश

बिलासपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस बीच बिलासपुर विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने विधानसभा सत्र के दौरान ही हालात का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अमर अग्रवाल ने जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित इलाकों में पानी की निकासी, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल की जाए। उन्होंने सिम्स और जिला अस्पताल को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल इलाज मिल सके।
पूर्व मंत्री ने बारिश से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के मामलों में आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल राहत राशि की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और सभी पार्षदों व जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर लोगों की मदद करने की अपील की है। उन्होंने शहरवासियों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और अनावश्यक जोखिम से बचने का आग्रह भी किया है।




