बिलासपुर

मूसलाधार बारिश से बिलासपुर बेहाल, सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में घुसा पानी, लाखों के नुकसान की आशंका

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया भी बारिश की मार से नहीं बच सका। जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण औद्योगिक क्षेत्र में पानी भर गया। चावल मिल, ऑयल मिल और कई अन्य औद्योगिक इकाइयों में पानी घुसने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Advertisement

लगातार हुई तेज बारिश के बाद सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कें और औद्योगिक परिसर पानी से लबालब हो गए। कई फैक्ट्रियों के भीतर पानी घुस गया, जिससे मशीनें, कच्चा माल और तैयार उत्पाद प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर चावल मिलों, ऑयल मिलों और अन्य उत्पादन इकाइयों पर पड़ा है। कई जगह कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और कर्मचारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Advertisement

उद्योग संचालकों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही हालात बनते हैं, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं की गई। नालियां जाम होने और पर्याप्त ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने के कारण बारिश का पानी फैक्ट्रियों में घुस जाता है। इससे उत्पादन प्रभावित होता है और हर बार लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल पानी निकासी और स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की मांग की है।

 

बारिश के चलते सिर्फ उद्योग ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी जनजीवन प्रभावित रहा। सड़कें जलमग्न होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और कर्मचारियों को फैक्ट्रियों तक पहुंचने में परेशानी हुई। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने की बात कही है, लेकिन उद्योगपतियों का कहना है कि जब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होगी, तब तक हर बारिश में ऐसे ही हालात बनते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button