बिलासपुर

बिलासपुर में झपटमारों के हौसले बुलंद, पत्रकार का मोबाइल लूटकर फरार

(प्रदीप भोई) : बिलासपुर – शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उस समय सामने आया जब नवभारत के उप संपादक एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष किशोर सिंह झपटमारी का शिकार हो गए। घटना प्रेस के सामने हुई, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात रोजाना की तरह कार्यालय का काम समाप्त करने के बाद किशोर सिंह प्रेस के बाहर मोबाइल पर बात करते हुए टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाश पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।

Advertisement

घटना के तुरंत बाद किशोर सिंह ने तारबाहर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल झपटने के बाद करीब 57 मिनट तक मोबाइल चालू रहा और उसकी अंतिम लोकेशन टिकरापारा क्षेत्र में दिखाई दे रही थी। इसके बावजूद आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर अंकुश लगाने में अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रहे हैं। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश का दावा कर रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पत्रकारों और नागरिकों ने मांग की है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल की अंतिम लोकेशन के आधार पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे, ताकि शहर में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

 

घटना की जानकारी मिलते ही देर रात बड़ी संख्या में पत्रकार तारबाहर थाने पहुंचे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों का कहना है कि जब शहर के व्यस्त इलाके और प्रेस कार्यालय के सामने ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और झपटमारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button