भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत

सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कमलेश्वर थाना क्षेत्र में दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कमलेश्वर थाना क्षेत्र के नर्मदापुर-बिजलहवा मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे प्लेटिना और पल्सर बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में रघुनाथपुर चोरकीडीह निवासी 20 वर्षीय अर्जुन विश्वकर्मा और वंदना निवासी 18 वर्षीय गुड्डू माझी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुड्डू माझी के साथ बाइक पर सवार सीतापुर निवासी 32 वर्षीय विफन राम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले नर्मदापुर अस्पताल और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि अर्जुन विश्वकर्मा अपनी ससुराल बरीमा जा रहा था, जबकि दूसरी बाइक पर सवार गुड्डू माझी और विफन राम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद तीनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।




