Uncategorized

बिलासपुर रीजन में बिजली कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन, 10 जुलाई को राजधानी मे महासभा

(दिलीप जगवानी ) : छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी, रायपुर के नाम आज बिलासपुर रीजन के क्षेत्रीय कार्यालय में बड़ी संख्या में बिजली अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित न्यायोचित मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाना चाहिए। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

Advertisement

प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से 10 जुलाई को रायपुर में आयोजित विशाल आमसभा एवं विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया तथा संगठन की एकता को ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत बताया।

Advertisement

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कविता विश्वकर्मा ने कहा कि बिजली कंपनियों की मजबूती और कर्मचारियों के हित एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी से असंतोष बढ़ रहा है, इसलिए प्रबंधन को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।क्षेत्रीय अध्यक्ष रामायण सूर्यवंशी ने बिलासपुर रीजन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उत्साह और एकजुटता के साथ साथियों ने आंदोलन में भागीदारी की है, उससे संगठन और अधिक मजबूत हुआ है।

क्षेत्रीय सचिव रविकांत ठाकुर ने सभी कर्मचारियों से आगामी आंदोलन के प्रत्येक चरण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि एकजुट संघर्ष से ही कर्मचारियों के हित सुरक्षित रहेंगे।विशेष आमंत्रित संतोष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कर्मचारियों से संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया तथा आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रामेश्वर मानिकपुरी ने किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिजली अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button