पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से देशी कट्टा बरामद, दो गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से देशी कट्टा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने देर रात पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर टोयोटा ग्लैंजा कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कार और हथियार समेत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये का सामान जब्त कर दो आरोपियों हरीश यादव और प्रहलाद केंवट को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि देशी कट्टा उन्होंने रायगढ़ निवासी योगेश चौहान उर्फ सानू से खरीदा था, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।




