बिजली संकट पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, सकरी बंद कर किया प्रदर्शन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में बार-बार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ व्यापारियों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। आज व्यापारी संघ के आह्वान पर सकरी बंद रखा गया है। बाजार बंद कर व्यापारी बिजली कार्यालय का घेराव कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से कारोबार ठप हो रहा है और आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह से ही सकरी के अधिकांश बाजार बंद नजर आए। व्यापारी संघ के आह्वान पर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बिजली व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठप हो जाते हैं, ग्राहकों को परेशानी होती है और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर अब व्यापारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। प्रदर्शन के तहत बिजली कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों से नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की जा रही है।
व्यापारी संघ का कहना है कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे सकरी क्षेत्र के लोगों की समस्या को लेकर किया जा रहा है। संघ ने साफ किया है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल सबकी नजरें विद्युत विभाग पर टिकी हैं कि वह व्यापारियों की मांगों पर क्या फैसला लेता है और क्षेत्रवासियों को अघोषित बिजली कटौती से कब राहत मिलती है।




