चकरभाठा में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

(धीरेन्द्र मेहता) : बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चकरभाठा बस्ती से धमनी जाने वाली मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी अनिल सारथी (38 वर्ष) निवासी चकरभाठा बस्ती को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी चाकू रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




