छत्तीसगढ़

ओडिशा से यूपी जा रही 1.07 करोड़ की गांजा खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। नगरनार थाना क्षेत्र में धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखा गया 214.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक वाहन उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पकड़ी गई बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी विजय पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

Advertisement

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा से भरी महिंद्रा बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button