कोरबा

ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, जेल में बनी थी लूट की साजिश

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे और वहीं उनकी आपस में दोस्ती हुई थी।

Advertisement

एक जुलाई को छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में तीन आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचे। चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया, फिर देशी कट्टा दिखाकर लूट की कोशिश की गई। इसी दौरान बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए और घटनास्थल पर चोरी की मोटरसाइकिल तथा देशी कट्टा छोड़ गए। घटना के बाद पुलिस ने सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की।

Advertisement

तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के बाद पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों ने जेल में ही लूट की साजिश रची थी और बाहर आने के बाद चोरी की बाइक व देशी कट्टे के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। फरार आरोपी विष्णु राठिया की तलाश जारी है।

 

Related Articles

Back to top button