पुलिस की होटल-ढाबों में सरप्राइज चेकिंग, शराब परोसने वाले संचालकों पर कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस ने जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए होटल, ढाबा और रेस्टोरेंटों में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर कोतवाली थाना, एएनटीएफ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नवीन बाजार, नया बस स्टैंड और राजनांदगांव बायपास सहित शहर के कई इलाकों में सघन जांच की।
चेकिंग के दौरान कई होटल और ढाबा संचालक ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसते और पिलाते हुए मिले। पुलिस ने सभी संबंधित संचालकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। वहीं एक होटल संचालक की स्कूटी की तलाशी में प्लेन देशी शराब भी बरामद हुई, जिसे जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब परोसने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है, जबकि आम लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।




