छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट….बिलासपुर समेत 8 जिलों में मूसलाधार बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज बेहद खतरनाक रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।पिछले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। राजिम में सबसे अधिक 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18 सेंटीमीटर और रायपुर व राजनांदगांव में 15-15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में ओडिशा तट पार कर उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।मौसम विभाग ने मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग और बालोद जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गरज-चमक, आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है।

Advertisement

वहीं सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।इसके अलावा नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

 

मौसम विभाग ने पहले ही अगले 48 घंटे के लिए रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, बेमेतरा, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। वहीं बिलासपुर संभाग के अधिकांश जिलों में भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है।

 

भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन, छोटे पुलों के ऊपर पानी, दृश्यता में कमी और आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसका दायरा धीरे-धीरे कम होने की संभावना है, लेकिन तब तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सतर्क रहने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button