गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

“पसीना जितना तैयारी में बहाओगे, परीक्षा कक्ष में उतनी ही सफलता मिलेगी” : कलेक्टर

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही – जिला प्रेस क्लब सह वाचनालय पेंड्रा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ आयोजित प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने अपने यूपीएससी एवं पीएससी की तैयारी के अनुभव साझा करते हुए सफलता के व्यावहारिक मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए समर्पण, अनुशासन, स्पष्ट रणनीति और निरंतर अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को नियमित उत्तर लेखन का अभ्यास करने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने तथा विषयों को रटने के बजाय उनकी गहरी समझ विकसित करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा, “पसीना जितना तैयारी में बहाओगे, परीक्षा कक्ष में उतनी ही सफलता मिलेगी।”
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करने, स्वयं का नियमित मूल्यांकन करने तथा दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता लंबे समय तक पढ़ने से नहीं, बल्कि एकाग्रता और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन से मिलती है। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन एवं अध्ययन पद्धति से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका कलेक्टर ने अपने अनुभवों के आधार पर सरल एवं प्रेरक ढंग से उत्तर दिया। इस अवसर पर कलेक्टर ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अपने द्वारा चयनित महत्वपूर्ण पुस्तकों का सेट जिला प्रेस क्लब सह वाचनालय को अध्ययन हेतु भेंट किया। विद्यार्थियों एवं जिला प्रेस क्लब के सदस्यों ने इस विद्यार्थी हितैषी पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

Back to top button