बैकवर्ड लिंक से खुला अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क, रायपुर पुलिस ने 4 और तस्करों को पकड़ा

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बैकवर्ड लिंक पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। पहले गिरफ्तार गांजा तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, प्रतिबंधित टैबलेट, कोडीन सिरप, पेंटाजोसिन इंजेक्शन, सिरिंज और नगदी समेत करीब 10 लाख 70 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने किशोर साहू, अजय विश्वकर्मा, शुभम साहू उर्फ बऊ और प्रिंस प्रजापति को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 किलो गांजा, 2 हजार नाइट्रोटेन टैबलेट, 30 कोडीन सिरप, 290 पेंटाजोसिन इंजेक्शन, 300 सिरिंज और नकदी बरामद हुई। इससे पहले इसी मामले में 10 किलो 710 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी किशोर साहू उड़ीसा का रहने वाला है और एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में 20 साल की सजा पा चुका है। वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया था। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 16 लाख 15 हजार 500 रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क के सप्लायर और रिसीवर की तलाश में जुटी है।


