उत्तराखंड में मानसून का कहर, अलकनंदा-भागीरथी उफान पर, बदरीनाथ हाईवे बंद

उत्तराखंड में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव रुद्रप्रयाग में तेज बारिश के चलते अलकनंदा और भागीरथी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों और तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहा है। चेतावनी स्तर पार होने पर व्हाट्सएप अलर्ट, सार्वजनिक घोषणाएं और जमीनी टीमों के माध्यम से लोगों को तत्काल सूचना दी जाएगी।
लगातार बारिश के कारण बदरीनाथ नेशनल हाईवे गुलाबकोटी के पास मलबा आने और सड़क धंसने से बंद हो गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने और मौसम विभाग व प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।




