ऑपरेशन प्रहार : 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप लदा ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लाख 25 हजार रुपये कीमत का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप का परिवहन करने वाले चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूंजीपथरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुनकुरी से एक ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लाया जा रहा है। तमनार चौक पर घेराबंदी कर पुलिस ने ट्रक को रोककर जांच की। तलाशी में 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला, लेकिन चालक सुलतान खान उसके वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने करीब 5.25 लाख रुपये का स्क्रैप और 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया। कुल 20.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ और चोरी की संपत्ति के कारोबार पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




