सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, हथियारों का जखीरा और 24 लाख रुपये नकद बरामद

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों के छिपाए गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसे नक्सलियों के हथियार और आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
ओरछा थाना क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने इंसास, एसएलआर और .303 रायफल समेत कई हथियार, बीजीएल लॉन्चर, सिंगल शॉट बंदूक, बड़ी संख्या में मैगजीन, सैकड़ों जिंदा कारतूस, डेटोनेटर और संचार उपकरण बरामद किए। सुरक्षा बलों ने पूरे हथियार डंप को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
वहीं छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के टोयामेटा जंगल-पहाड़ी में चलाए गए एक अन्य अभियान में नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि लगातार चलाए जा रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान से नक्सलियों के हथियारों के साथ-साथ उनके आर्थिक तंत्र पर भी प्रभावी प्रहार किया जा रहा है।




