छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, अगले 48 घंटे वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय होता जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि दंतेवाड़ा और रायगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Advertisement

दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून को प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। बीते 24 घंटों में अनेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली में सर्वाधिक 9 सेंटीमीटर, रायगढ़ में 8 सेंटीमीटर और सारंगढ़ में 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं महासमुंद, सरायपाली, मालखरौदा और तमनार समेत कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई।

 

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक फैली मौसमी द्रोणिका और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में वर्षा गतिविधियां बढ़ी हैं। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

 

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में 25 जून को आंशिक रूप से मेघाच्छादित आकाश, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात की स्थिति में सतर्कता बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button