जेल में बंदी की हत्या : विधायक अटल श्रीवास्तव से मिले परिजन, प्रभारी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदी नीलू जगत की हत्या के मामले में अब ग्रामीणों का आक्रोश सामने आने लगा है। कोटा विधानसभा क्षेत्र के दबनपुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहले विधायक अटल श्रीवास्तव से मिले और इसके बाद प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की।
मंगलवार को बिलासपुर सेंट्रल जेल की ई-1 बैरक में दबनपुर निवासी नीलू जगत की हत्या कर दी गई थी। नीलू नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बैरक में बंद एक अन्य कैदी ने नाली के स्लैब से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को मृतक के गांव दबनपुर से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और न्याय की मांग की। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जेल जैसी सुरक्षित जगह पर हुई हत्या गंभीर लापरवाही का मामला है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जेल सुरक्षा व्यवस्था की जांच और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। प्रभारी कलेक्टर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दबनपुर के ग्रामीण आज ज्ञापन देने आए थे। उन्होंने जेल में हुई हत्या की घटना को लेकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। मामले को नियमानुसार संबंधित विभाग और सक्षम अधिकारियों को भेजा जाएगा तथा जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी, वह प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।इधर हत्या के आरोप में मुंगेली जिले के चमारी गांव निवासी राजेश राय का नाम सामने आया है, जो तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले 17 वर्षों से जेल में बंद है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।




