छत्तीसगढ़ में मानसून हुआ सक्रिय, अगले एक सप्ताह तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर शुरू हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत मौसमी सिस्टम और सक्रिय द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा दहानू, वर्धा, रायपुर, डाल्टनगंज और मोतिहारी होते हुए नेपाल तक पहुंच चुकी है। वहीं उत्तर राजस्थान से बिहार तक तथा उत्तर बिहार से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय द्रोणिकाएं बनी हुई हैं। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिससे प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर तेज वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन आकाशीय बिजली को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।मानसून की सक्रियता से जहां प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद भी बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




