रायगढ़

जली हुई लाश के अंधे कत्ल का खुलासा, प्रेमी निकला हत्या, 72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर सुलझा

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र में जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा ली है। मामले में महिला के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था।

Advertisement

17 जून को तमनार-पूंजीपथरा मार्ग के पास एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतिका की पहचान करना था। सोशल मीडिया और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से शव की पहचान जशपुर निवासी 60 वर्षीय मंगरिता एक्का के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को महिला के साथ रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे जशपुर से हिरासत में लिया गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले तीन महीने से मंगरिता एक्का के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। महिला को उस पर दूसरी पत्नी रखने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

 

हत्या के बाद आरोपी ने पेट्रोल खरीदकर शव को क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले जाकर आग के हवाले कर दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया की मदद से इस अंधे कत्ल का खुलासा संभव हो सका। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button