तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत, कई घायल, चालक फरार

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो क्रमांक CG31C5718 में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत कई यात्री सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो क्रमांक CG10BY7993 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई, जबकि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा पहुंचाया। इलाज के दौरान एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो का चालक और कथित मालिक प्रद्युम्न तिवारी, निवासी नूतन कॉलोनी पेंड्रा, दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। अब सभी की नजरें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आरोपी की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है।




