परीक्षा देने जा रही बीएससी छात्रा की मौत, ट्रक ने कुचला, पिता गंभीर रूप से घायल

(शैलेश सोनी) : जीपीएम जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटमी चौकी क्षेत्र के सोन नदी पुल पर हुआ, जहां उनकी मोपेड एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गई।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर निवासी कृपाल सिंह अपनी बेटी गायत्री को परीक्षा दिलाने पेंड्रा कॉलेज लेकर जा रहे थे। गायत्री बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। सुबह कॉलेज पहुंचने से पहले सोन नदी पुल के पास एक ट्रक के ओवरटेक करने के दौरान उनकी मोपेड अनियंत्रित हो गई और दोनों ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि छात्रा गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार अज्ञात ट्रक की पहचान की जा रही है। इधर, बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




