बिलासपुर

जेसीबी का टायर ब्लास्ट, हेल्पर की मौत, तीन मजदूर घायल

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलीमेंट कॉलोनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेसीबी मशीन के बड़े टायर में हवा भरने के दौरान हुए जोरदार ब्लास्ट में एक हेल्पर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे कॉलोनी परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फट गया और उसका डिस्क व अन्य हिस्से तेज रफ्तार से उछलकर पास खड़े कर्मचारियों को जा लगे। हादसे में जेसीबी हेल्पर उमांकात कौशिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में टायर मिस्त्री ओसामा, जेसीबी चालक भूपेन्द्र राव और कर्मचारी अमृत लाल यादव भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर के श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button