कथित जहरीली शराब कांड की जांच तेज, 8 मौतों के मामले में कब्र से निकाले जा रहे शव

बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र के ग्राम खरवे में कथित जहरीली शराब सेवन से हुई 8 लोगों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मृतकों के शवों का दोबारा परीक्षण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से शराब उपलब्ध कराई जा रही थी और शराब सेवन के बाद एक-एक कर कई लोगों की मौत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मृतकों के शवों का फॉरेंसिक परीक्षण कराने का फैसला लिया है। इससे पहले एक मृतक के शव को परीक्षण के लिए भेजा जा चुका है, जबकि अन्य मृतकों के शवों को भी कब्र से निकालकर जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मौके पर पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौजूद है। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें जहरीली शराब से हुईं या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




