हाथियों के बेहद करीब पहुंचे ग्रामीण, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता

(शैलेश सोनी) : जीपीएम जिले के मरवाही वन मंडल क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में ग्रामीण हाथियों के झुंड के काफी करीब पहुंचकर न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि कुछ लोग पत्थर फेंककर हाथियों को उकसाने की कोशिश भी करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में चार हाथियों का झुंड जंगल क्षेत्र में मौजूद है। हाथियों को करीब से देखने के लिए कई ग्रामीण उनके पास तक पहुंच गए, जबकि कुछ लोग पेड़ों पर चढ़कर नजारा देखते दिखाई दिए। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा हाथियों की ओर पत्थर फेंके जाने की बात भी सामने आई है, जिससे हाथी आक्रामक हो सकते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि जंगली हाथियों के नजदीक जाना बेहद खतरनाक होता है और किसी भी समय जानलेवा हमला हो सकता है।
घटना के बाद वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जंगल में जाने से रोकने के पर्याप्त प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि वन विभाग को जागरूकता अभियान तेज करने की जरूरत है, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके और किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।




