बलौदाबाजार
जहरीली शराब से 8 मौतों का आरोप….! जांच के लिए कब्र से निकाले जा रहे शव

बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मामले में गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाने का आरोप लगाया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासन ने सभी मृतकों के दफन शवों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एफएसएल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
जानकारी के मुताबिक, खर्वे गांव में हुई 8 मौतों के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को पिलाया, जिससे उनकी जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम जांच में जुट गई है।
मौत के कारणों की पुष्टि के लिए दफन किए गए सभी शवों को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौतें वास्तव में जहरीली शराब के सेवन से हुई हैं या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।




