भूटान में बिलासपुर का परचम, खिलाड़ियों ने जीता रजत पदक

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में बिलासपुर के दो खिलाड़ियों शुभम साहू और पियूष कैवर्त की अहम भूमिका रही।
2 जून से 5 जून तक भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बिलासपुर के शुभम साहू और पियूष कैवर्त ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। हालांकि खिताबी मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन रजत पदक जीतकर खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में शुभम साहू का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहा गया। उनके शानदार खेल के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं पियूष कैवर्त ने भी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच टी. प्रकाश राव की मेहनत और मार्गदर्शन को अहम माना जा रहा है। भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और कप्तान रह चुके टी. प्रकाश राव बिलासपुर में खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं।
भूटान से रजत पदक जीतकर लौटे इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से बिलासपुर में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और परिजनों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता का परचम लहरा सकते हैं।



