ढाबा में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, संचालक समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिष ढाबा में छापा मारकर ढाबा संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब, नगदी, मोबाइल फोन और एक बटनदार चाकू जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुर्रा स्थित महिष ढाबा में अवैध रूप से शराब बेचने और लोगों को शराब पिलाने का काम किया जा रहा है। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोबरा नवापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान ढाबा संचालक टूम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी और उसके साथियों द्वारा अवैध शराब बिक्री की पुष्टि हुई। तलाशी में 44 अध्धी और 1 पौवा देशी मसाला शराब, शराब बिक्री की 25 हजार 60 रुपये की रकम, एक बटनदार चाकू और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने ढाबा संचालक समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।




