छत्तीसगढ़ में इबोला को लेकर हाई अलर्ट, यात्रियों की होगी स्वास्थ्य जांच

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत में भी एहतियात बढ़ा दी गई है। केंद्र सरकार की एडवाइजरी के बाद छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। एयरपोर्ट्स पर बाहर से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य कर दी गई है।
इबोला वायरस को दुनिया के सबसे खतरनाक संक्रमणों में माना जाता है। अफ्रीका के कुछ देशों में इसके मामले सामने आने के बाद भारत सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निगरानी बढ़ाने, एयरपोर्ट्स पर स्क्रीनिंग और संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ में भी 25 मई को अलर्ट जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बाहर से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। एयरपोर्ट्स और संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।




