बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, 7 लाख का गांजा बरामद

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेलवे स्टेशन में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 14 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिलने के बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 के हावड़ा छोर पर घेराबंदी की गई।
इसी दौरान गीतांजलि एक्सप्रेस से उतरने वाले तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शेख आवेश, आमिर पठान और सलमान शाह निवासी अमरावती, महाराष्ट्र बताए। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद प्लास्टिक झोलों और शरीर में कपड़े से बांधकर छिपाए गए तकियानुमा पैकेटों से कुल 14 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर अमरावती ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।




