बिलासपुर

15वें वित्त आयोग की राशि में हेराफेरी का आरोप, जनदर्शन में पहुंची शिकायत

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत लोखण्डी में 15वें वित्त आयोग की राशि में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। गांव के लोगों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत देकर पूर्व सरपंच और सचिव पर लाखों रुपये के गबन का आरोप लगाया है।ग्राम लोखण्डी निवासी सतीश पटेल ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 से 2025 के दौरान तत्कालीन सरपंच सावित्री ध्रुव और सचिव बृजेश साहू ने 15वें वित्त आयोग की राशि का गलत तरीके से आहरण किया। शिकायत के मुताबिक पंचायत भवन निर्माण के नाम पर करीब 4 लाख 99 हजार रुपये निकाले गए, जबकि गांव में पहले से पंचायत भवन मौजूद है। वहीं बोर खनन के नाम पर भी राशि आहरित की गई, लेकिन मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया।

Advertisement

आवेदक का आरोप है कि पंचायत भवन निर्माण और बोर खनन के नाम पर राशि संबंधित फर्मों और चहेते लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई। शिकायत में कुल 8 लाख 94 हजार 472 रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ राशि आहरण की प्रतियां, भुगतान संबंधी दस्तावेज और कार्यस्थल के फोटो भी संलग्न किए हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच और उपसरपंच ने भी मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हो तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। आवेदक और ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से शिकायत की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

 

 

Related Articles

Back to top button