पश्चिम बंगाल में बीजेपी का नया दौर, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत के बाद रविवार को बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी का राजतिलक हो गया। कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में हजारों समर्थकों की मौजूदगी में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण से पहले ही शुभेंदु अधिकारी ने साफ संदेश दिया कि अब बंगाल में “मैं नहीं, हम” की भावना के साथ सरकार चलेगी। उन्होंने कहा कि नई सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने का काम करेगी।
करीब छह साल पहले बंगाल बीजेपी में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी ने कम समय में पार्टी के सबसे बड़े चेहरों में अपनी जगह बनाई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें बीजेपी में शामिल कराया था और 2026 के चुनाव में वे पार्टी के सबसे बड़े रणनीतिक चेहरा बनकर उभरे।
शुभेंदु अधिकारी ने लगातार दो चुनावों में सीटिंग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी चुनौती दी। 2021 में नंदीग्राम और 2026 में भवानीपुर की जीत ने उनकी ताजपोशी को ऐतिहासिक बना दिया।शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।




