बिलासपुर
बिलासपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर छापा, 54 सिलेंडर जब्त, मचा हड़कंप

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में खाद्य विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीपत चौक स्थित एक दुकान पर छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए गए। खाद्य विभाग की टीम ने सीपत चौक स्थित महामाया गैस चूल्हा सुधारक एवं विक्रेता और एक गर्ल्स हॉस्टल संचालक के यहां छापा मारा।
जांच के दौरान मौके से 54 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर, रिफिलिंग नोजल और तौल मशीन बरामद की गई। बताया जा रहा है कि दुकान की आड़ में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गैस कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जब्त सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




