फेरो मैंगनीज में मिलावट कर 48 लाख की धोखाधड़ी, अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फेरो मैंगनीज में मिलावट कर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी शौकीन खान के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक है और माल परिवहन के दौरान ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
मामले में गाजियाबाद की फ्लक्समिन मेटल प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग मैनेजर कुणाल जिंदल ने थाना उरला में शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी द्वारा 43 मीट्रिक टन फेरो मैंगनीज रायपुर से भिवाड़ी भेजा गया था, लेकिन देरी से पहुंचे इस माल की जांच में सामने आया कि 43 बैगों की सील तोड़कर उसमें गिट्टी, पत्थर और आयरन ओर मिलाकर दोबारा सिलाई कर दी गई थी।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने करीब 3 टन असली माल निकालकर उसे हरियाणा के एक कबाड़ी को बेच दिया था और बाकी में मिलावट कर दी थी। इस पूरे फर्जीवाड़े से कंपनी को लगभग 48 लाख रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उरला थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को राजस्थान के अलवर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।




